कोपागंज। भातकोल मोड़ स्थित टेंट के गोदाम में शनिवार की सुबह गोदाम मालिक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार, प्रमोद यादव ग्राम भदसा मानोपुर थाना कोपागंज का निवासी था । वह कोपागंज नगर पंचायत के भातकोल मोड़ के पास यूनियन बैंक के सामने टेंट हाउस चलाता था और उसके बगल में ही अपने परिवार के साथ निवास करता था। प्रतिदिन की तरह शनिवार की सुबह 4 बजे पत्नी से कहकर बाहर टहलने जाने के लिए निकला था। कुछ घंटों बाद जब वह नहीं लौटा तो उसकी पत्नी उसे खोजते हुए गोदाम तक पहुंची, जहां पाया कि प्रमोद का शव गोदाम में बने हुक के सहारे रस्सी से लटकता देखकर वह शोर मचाने लगी। शोर सुन आसपास के लोग जुट गए। कोपागंज एसओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। वैसे मृतक के परिजनों ने आत्महत्या करने की तहरीर पुलिस को दी है।