घोसी कोतवाली के सोहड़ गांव के पास पकड़ी ताल में मछली मारते समय डूबे निरहू सोनकर का शव मिलने के बाद
- फोटो : MAU
घोसी/अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी ताल में मछली पकड़ते समय डूबे युवक का शव तीसरे दिन बुधवार को पानी में उतराया मिला। युवक अपने ननिहाल रामपुर सोहण गांव में अपनी मां और मामा के साथ रहता था। आजमगढ़ जिले के परशुराम पुर निवासी सुरेंद्र सोनकर का इकलौता पुत्र सूरज उर्फ निरहू 18 गांव के तीन अन्य लोगो के साथ सोहड़ से सटे पकड़ी ताल में सोमवार को मछली पकड़ने गया था। लेकिन वापस नहीं लौटा। उसके अन्य साथी घर चले आए, बेटे के वापस न लौटने से चिंतित उसकी मां गांव के अन्य युवकों से निरह़ू के बारे में पूछा तो उन लोगों ने बताया कि उसने कहा था कि तुम लोग जाओ, मैं बाद में आ जाऊंगा। निरहू की मां ने लोगों के साथ उसकी काफी खोजबीन किया लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार को भी उसकी काफी तलाश की गई लेकिन उसका पता नहीं चला। बुधवार को कुछ लोग तालाब के किनारे गए तो युवक का शव पानी में उतराया हुआ दिखा। खबर मिलते ही मृतक का पिता सुरेंद्र सोनकर, मां सोना और मामा संतोष सोनकर के साथ मौके पर गए और शव की शिनाख्त निरहू के रूप में की। इस दौरान परिजन निरहू की मौत पर बिलखते रहे।