कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के युसुफपुर गांव निवासी एक युवक की अबूझ हालत में मौत हो गई। उसकी लाश घर से एक किलोमीटर दूर डांड़ी गांव के पास पाई गई। वह मंगलवार की शाम को घर से निकला था। बुधवार की सुबह जब लोग सीवान की ओर टहलने के लिए निकले तो युवक का शव खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कंटीले तार की बाड़ में फंसा दिखा। युवक शराब पीने का लती बताया गया। क्षेत्र के युसुफपुर निवासी 40 वर्षीय कुमार राजभर पुत्र सुदामा मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। वह मंगलवार की शाम को घर से निकला था। लेकिन रात को वापस घर नहीं लौटा। उसकी पत्नी रात भर उसकी तलाश करती रही। बुधवार की सुबह जब डांडी गांव के लोग टहलने के लिए मंदिर की ओर गए तो एक खेत की मेंड पर लगे कंटीले तार की बाड़ में फंसकर जमीन पर गिरे युवक पर उनकी निगाह पड़ी। नजदीक जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। जुटे लोगों में से किसी ने उसकी पहचान युसुफपुर गांव निवासी कुमार के रूप में की। उसके घर सूचना पहुंची तो पत्नी, बच्चे और परिजन मौके पर पहुंचे। खबर पर पहुंची पुलिस ने भी पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं दिखे। पत्नी चिंता स्वास्थ्य विभाग में आशा के पद पर कार्यरत है। उसके दो छोटे बच्चे हैं। कुमार की मौत पर उसकी पत्नी और बच्चे बिलखते रहे। थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक शराब पीने का लती था। उसकी मौत किन कारणों से हुई इसका पता पीएम रिपोर्ट मिलने पर ही चल सकेगा।