वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के खैराबाद गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक ने अपनी पत्नी को उसके पिता के सामने पहले पीटा फिर तलाक दे दिया। घटना के संबंध में पीड़ित महिला ने पिता के साथ थाने पर पहुंचकर पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगाें के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सौंपी तहरीर के अनुसार दक्षिणटोला थाना क्षेत्र अंतर्गत कासिमपुर गांव निवासी नफीसा पुत्री सलाऊद्दीन ने बताया कि उसका निकाह मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के खैराबाद गांव निवासी हौजेफा पुत्र मुफ्ती एजाज के साथ वर्ष 2021 में हुआ था। निकाह के बाद सब कुछ ठीक रहा। इस बीच उसको एक पुत्र भी हुआ। आरोप लगाया कि बीते कई दिनों से उसका पति और सास आफ्शा, ननद जैनब उसे मारती-पीटती थीं। शुक्रवार को उसने पिता सलाऊद्दीन को फोन कर घरेलू हिंसा की जानकारी दी।
जब उसके पिता सलाऊद्दीन शुक्रवार की सुबह खैराबाद पहुंते तो पति हौजेफा ने उसके उनसे गालीगलौज की। पिता के सामने ही उसे भी पति ने मारा-पीटा। इसके बाद बोलकर तलाक दे दिया। जिसके बाद वह अपने पिता के साथ मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पहुंची।
घटना के संबंध में कोतवाल मुहम्मदाबाद गोहना संजय त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में है, पीड़िता की तहरीर पर चारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति तथा उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।