रमजान की आखिरी अलविदा जुमे की नमाज के बाद बाजार रोजेदारों से गुलजार हो गया। रोजेदारों ने ईद के लिए कपड़ा, जूता, सौंदर्य प्रसाधन क्रॉकरी व खाद्य पदार्थों की जमकर खरीदारी की। सेवइ खरीदने के लिए दुकानों पर होड़ लगी रही। नगर के सहादतपुरा, मुुंशीपुरा, सिंधी कालोनी, चौक, मिर्जाहादीपुरा, औरंगाबाद, भीटी के साथ जिले के मधुबन, घोसी, सूरजपुर, मुहम्मदाबादगोहना, घोसी, चिरैयाकोट, वलीदपुर, कोपागंज के बाजार खरीदारों से पट गए। दोपहर में धूप ने खरीदारों की भीड़ थामे रखा। शाम होते ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ीं। पुरूषाें की भीड़ कपड़े, जूते व क्रॉकरी की दुकानों पर देखने को मिलीं। वहीं,सौन्दर्य प्रसाधन की दुकानों पर महिलाएं रात तक जमी रहीं। ईद पर बाजार में तरह-तरह की सेवइ देखने को मिली। लोगों ने नई किस्म के सेवई की खरीदारी दिलचस्पी से की। उधर, शाॅपिंग कांपलेक्स भी खरीदारों से पटे रहे। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए शॉपिंग माॅल में दुकानदार कई तरह की स्कीम लांच की हैं। वहीं, मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में रोजेदारों की भीड़ उमड़ने से जाम की स्थिति बनी रहीं।