मऊ। इंदारा में रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते मऊ-मधुबन शाहीद मार्ग को बंद कर दिया गया है। इसके बदले वाहनों के आवागमन के लिए कोपागंज-कसारा मार्ग को विकल्प बनाया गया है लेकिन इस 5.5 किमी लंबे मार्ग पर हजारों गड्ढे लोगों को झटके दे रहे हैं। बीते मार्च माह के अंतिम सप्ताह में चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए शासन से 9.49 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। कार्य शुरू कराने के लिए मई माह में टेंडर प्रक्रिया हुई है। नियमानुसार टेंडर होने के नौ माह के भीतर कार्य पूरा करना होगा लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। 15 दिन बाद बरसात शुरू हो जाएगा और सितंबर तक काम होना संभव नहीं है। ऐसे में लोगों को लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ सकती है। इंदारा में मऊ-मधुबन मार्ग पर स्थित रेलवे क्राॅसिंग संख्या स्पेशल 4-सी को रेलवे ने अनिश्चित समय के लिए बंद कर दिया है। ओवरब्रिज निर्माण में दिन रात जेसीबी और ट्रकों से माल ढुलाई होने से हादसे का डर बना रहता है। वहीं रास्ता संकरा और ऊबड़ खाबड़ होने से घंटो जाम लग जाता है। इसके चलते रेलवे ने पांच जून से पूर्ण रूप से आवागमन बंद कर दिया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के प्रस्ताव को केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने 11 फरवरी 2024 को इंदारा में रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाने की स्वीकृति दी थी। 28 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया था।