मधुबन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भीटीया माफी में बुधवार की बीती रात चोरों ने तीन घर में घुसकर 50 हजार रुपये नकदी सहित करीब पांच लाख के जेवरात व सामान चुरा लिए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी एक साथ तीन घरों में चोरी की घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
भीटीया माफी गांव निवासी पुष्पा देवी पत्नी देवेंद्र यादव के यहां चोरों ने धावा बोला और छत के रास्ते से घर में प्रवेश किया। जहां कमरे में रखी अलमारी व बक्से तोड़कर उनमें रखे 10 हजार रुपए नकद, जेवरात चोरी कर लिए। पीड़िता पुष्पा देवी ने बताया कि उसके पति देवेंद्र यादव विदेश में कार्य करते हैं। वो पिछले कई सालों से अपनी बेटी के शादी के लिए धीरे धीरे गहने एकत्र कर रही थी। जहां चोरों ने सभी जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़िता ने गायब जेवरात की कीमत चार लाख रुपये से ज्यादा बताया। वहीं गांव के ही रामअवतार पुत्र शिवधारी यादव के घर में घुसकर चोरों ने बक्सा में रखा 30 हजार रुपये नकदी चोरी कर ले गए।
वहीं गांव के मनोज यादव पुत्र रामनरेश यादव के घर में चोरी के समय घर की एक बुजुर्ग महिला के जगने के चलते चोर भाग निकले। हालांकि भागते समय घर में रखा 10 हजार रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर ले गए। सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो लोग आक्रोशित हो उठे।
तीन घरों में हुई चोरी से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। तीनों पीड़ितों ने अज्ञात चोरों को आरोपित करते हुए तहरीर दी।