दोहरीघाट थाना क्षेत्र के हरधौली गांव निवासी एक महिला को जालसाजों ने फोन करके पहले एटीएम कार्ड का नंबर जाना इसके बाद उसके खाते से 38 हजार रुपये निकाल लिए। सोमवार को महिला जब पैसा निकालने के लिए बैंक पहुंची तो उसके खाते से ठगी करने का पता चला। उसे बताया गया कि रुपये उसके खाते से निकाल लिए गए हैं। महिला ने दोहरीघाट थाने में तहरीर दी है।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के हरधौली गांव निवासी सुनीता देवी के पति रामसमुझ सऊदी रहते हैं। एक सप्ताह पूर्व रामसमुझ ने अपनी पत्नी के खाते में 45 हजार रूपया भेजा था।
पैसा खाते में आने के बाद सुनीता देवी के मोबाईल पर एक फोन आया और एक एसएमएस भेजकर उसी पर एटीएम का नंबर भेजने को कहा। फोन करने वाले ने अपने को भारतीय स्टेट बैंक का कर्मचारी बताकर एकाउंट की जानकारी मांगी।
सुनीता देवी ने अपने पुत्र के माध्यम से बैंक के एटीएम का नंबर मैसेज कर दिया। उधर जालसाजों ने उसके खाते से इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से कई बार में 38 हजार रुपया उड़ा दिया। सोमवार को जब सुनीता देवी दोहरीघाट बैंक में खाते से पैसा निकालने पहुंची तो उसके खाते में महज पांच हजार रुपये ही शेष बचा था।
एकाउंट की जानकारी मांगने पर पता चला कि उसके एनकाउंटर से कई बार में इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से 38 हजार रुपये उड़ा दिए गए हैं। यह सुनकर महिला बैंक में ही फफक-फफक कर रोने लगी। महिला ने इस संबंध में दोहरीघाट थाने में पुलिस को तहरीर दी है।