वलीदपुर । मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के अतरारी धौरहरा घाट के पास गुरुवार को ऑटो और बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार एक किशोरी सहित तीन लोग घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं किशोरी की हालात गंभीर देखकर डाक्टरों ने उसे आजमगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने ऑटो चालक को हिरासत में लेकर मृतक के भाई के तहरीर पर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना के देवकली गांव निवासी रामाश्रय कुमार पुत्र राम अवध गुरुवार को अपने चचेरे भाई ओमप्रकाश पुत्र मोतीचंद्र के इलाज के लिए मुहम्मदाबाद आए हुआ था। इस दौरान उसकी चचेरी बहन चंद्रकला पुत्र श्याम नारायण भी आई हुई थी। इलाज कराने के बाद तीनों वापस देवकली जा रहे थे। धौरहराघाट पुल के पास मुबारकपुर तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ऑटो ने सामने से टक्कर मार दिया। बाइक चला रहा रामाश्रय सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गया। वहीं बीच में बैठा ओमप्रकाश और चंद्रकला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को मुहम्मदाबाद गोहना सीएचसी में भर्ती कराया। जहां ओमप्रकाश की मौत हो गई। वहीं चंद्रकला की गंभीर स्थिति देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे आजमगढ़ रेफर कर दिया। उधर पुलिस ने मृतक के भाई रामाश्रय की तहरीर पर ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालक को हिरासत में ले लिया।