घोसी। घोसी कोतवाली के पकड़ी गांव के सिवान स्थित बड़का पुल के पास सोमवार को युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गयी। घटना की सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई राधेश्याम यादव पुत्र झिंनी यादव निवासी पकड़ीखुर्द ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर के मुताबिक प्रेमचंद्र (32) पुत्र झिन्नी यादव रविवार की शाम को घोसी पकड़ी मार्ग पर पकड़ी बुजुर्ग के सिवान के पास बड़का पुल पर बैठा था। इस दौरान उसका भाई राधेश्याम यादव ने उसे घर चलने को कहा लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद राधेश्याम घर चला गया। सुबह लोगों ने प्रेमचंद्र यादव की लाश बड़का पुल के नीचे नाले में मिलने की सूचना परिजनों को दी। घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों ने लाश की शिनाख्त की। इस दौरान घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शादी नहीं हुई थी। इस संबंध में सीओ अरशद जमाल सिद्दीकी ने बताया कि घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।