हलधरपुर/ रतनपुरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के बाजपुर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सहित दो हत्यारोपियों को पुलिस ने सोमवार की रात में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में कुल 9 आरोपियों में से चार अब तक गिरफ्तार किए जा चुके हैं जबकि पांच अभी भी पुलिस की पकड से बाहर हैं। बाजपुर में एक जमीनी विवाद में संदीप यादव 20 वर्ष पुत्र लल्लन यादव की गोली मारकर हत्या 30 नवंबर 2018 को प्रात 8:00 बजे के लगभग कर दी गई थी।इस मामले में तीन महिलाओं सहित नौ नामजद और कई अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।1 दिसंबर 2018 को आरोपी अंजू यादव एवं केदार यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस को सूचना मिली कि संदीप हत्याकांड का प्रमुख आरोपी रामेश्वर यादव अपने सहयोगी धनंजय यादव के साथ घर पर है। थानाध्यक्ष ने अपने हमराहियों के साथ रामेश्वर यादव के घर पर सोमवार की रात्रि 11:45 पर छापा मारा और घर से ही उसे और धनंजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार रामेश्वर यादव ने पुलिस से पूछताछ में बताया कि उसने ही संदीप पर तमंचे से फायर किया था, और उसके बाद तमंचा और प्रयुक्त खोखा को मुद्रिका यादव के गन्ना लगे खेत में फेंक दिया था ।रामेश्वर यादव की निशानदेही पर पुलिस ने मुद्रिका यादव के गन्ने के खेत से 303बोर का एक अदद तमंचा और प्रयुक्त किया गया एक अदद कारतूस बरामद कर लिया। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।