बढुआ गोदाम । सरायलखंसी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव स्थित रविदास मंदिर के पास शनिवार की देर रात लगभग नौ बजे बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों ने घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने एक युवक की हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी सतवंत उर्फ सोनू (22) पुत्र गोरखनाथ शनिवार को अपने गांव निवासी दोस्त रवि कुमार (20) पुत्र प्यारेलाल, संजय कुमार (29) पुत्र हरिश्चंद्र के साथ बाइक से मऊ गया हुआ था। मऊ से बाजार कर वह घर लौट रहा था, अभी वह रात लगभग नौ बजे खानपुर गांव स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे सतवंत उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी रवि और संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं चिकित्सकों ने रवि कुमार की हालत गंभीर देेख वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवारीजन विलाप करने लगे।