चिरैयाकोट। आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के सुहवल बाजार के पास सोमवार को दोपहर में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत हो गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद मिले शव को परिजनों ने सुल्तानीपुर बाजार में सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम से चिरैयाकोट-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। सड़क जाम होने से दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतारें लग गई। आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राहुल कुमार सिंह ने परिवार वालों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ। चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सुल्तानीपुर परदेसी मोड़ निवासी राजन शर्मा (25) पुत्र रमायन शर्मा सुल्तानीपुर मोड़ पर बिजली के सामानों की दुकान करता है। वह सोमवार की दोपहर में दो बजे अपने छोटे भाई अजय को दुकान पर बैठाकर अपनी बाइक से मुहम्मदाबाद गोहना बाजार कुछ सामान खरीदने के लिए गया। इस दौरान आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के सुहवल बाजार के पास सामने से आ रही मारुति कार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जहानागंज की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आजमगढ़ पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद मिले शव को लेकर उसके परिवार के सदस्य घर पहुंचे। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने मुआवजा की मांग करते हुए युवक के शव को चिरैयाकोट-सुल्तानीपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। लगभग आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर जाम समाप्त हो सका।