कोपागंज। बकाया राशि को लेकर बिजली विभाग द्वारा शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान एक पेट्रोलपंप और एक आटा चक्की दुकानदार द्वारा अवैध रूप से बिजली उपयोग करते हुए पाए गए। जिस पर विभाग ने दोनों का कनेक्शन काटने के साथ दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने को लेकर कोपागंज थाने में तहरीर दी। उधर विभाग की इस कार्रवाई से बकायादारों उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति बनी रही। शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे एसडीओ जीतेंद्र कुमार और अवर अभियंता अरविंद यादव के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम ने कोपागंज बाजार के साथ लाडनपुर, सरायमख्खन में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जहां उन्हें लाडनपुर में इंडियन आयल कार्पोरेशन के शेखर फिलिंग पर अवैध कटिया से बिजली का उपयोग करते पाया गया। जबकि विभाग द्वारा पूर्व में एक लाख 79 हजार रुपये के बकाया होने के बाद बिजली काट दी गयी थी। इस पर टीम ने कनेक्शन काटने के साथ जुर्माना लगाने की कार्रवाई की। इसीक्रम में टीम ने सरायमख्खन गांव में रामानंद यादव पुुत्र देवनरायण यादव द्वारा आटा चक्की के लिए बिजली का प्रयोग करते मिले। जबकि विभाग द्वारा एक लाख 50 हजार बकाया होने पर जनवरी 2019 में बिजली काट दी गयी थी। विभाग ने दोनों उपभोक्ताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने को लेकर कोपांगज थाना में तहरीर दी। बिजली विभाग की इस कार्यवाही से पूरे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गया, जहां अधिकतर अवैध कनेक्शनधारी दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गये।