रानीपुर थाना क्षेत्र के काझा,बबुआपुर पिपरीडीह मार्ग पर मंगलवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे तगादा कर लौट रहे कपड़ा व्यवसायी के मुनीब को तमंचे से आंतकित कर अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने 25 हजार रूपये लूट लिया। दुस्साहसिक घटना को अंजाम देकर लुटेरे भाग निकले।बदमाश मुनीम की बाइक की चाभी भी छीन ले गए। जानकारी के अनुसार रविन्द्र कुमार बर्नवाल (40 )पुत्र राम दास बर्नवाल जिला मुख्यालय स्थित भीटी चौराहे पर स्थित बाबा वस्त्रालय नामक कपड़े की दुकान पर काम करता है।मंगलवार की शाम को वह पिपरीडीह,रैकवारेडीह पखईपुर आदि बाजारों से कपड़े के दुकानदारों के यहां से तगादा कर काझा की तरफ जा रहा था। जब वह ब्राहमणपुरा पोखरे के पास पहुंचा ही था कि सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। मुनीम कुछ समझ पाता कि बदमाशों ने रवींद्र की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और तगादे की रकम छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक की पिटाई भी कर दी। कुछ ही मिनटों पर घटना को अंजाम देकर बदमाश काझा की तरफ फरार हो गये। जाते जाते बदमाशों ने मुनीम के बाइक की चाभी भी छीन ले गए। मुनीम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी ललित कुमार सिंह,सीओ राजकुमार , थानाध्यक्ष रानीपुर मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए आनन फानन जगह जगह पर वाहन चेकिंग शुरु कर दिया।परन्तु बदमाश पुलिस की पकड़ में नही आ सके। उधर घटना की जानकारी मिलते ही बाबा वस्त्रालय के मालिक भी मौके पर पहुंच गये। इस बाबत मुनीम की ओर पुलिस को तहरीर दी गई है। इस बाबत सीओ राजकुमार का कहना है कि जगह जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।तथा मामले की जांच कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।