कोपागंज(मऊ)। कस्बा के चंदनपुरा मोहल्ले में शनिवार की देर शाम मोहल्ले के दो युवक मिटटी के तेल के साथ नमक न लेने का विरोध करते हुए कोटेदार से विवाद करने लगे। दोनों युवकों ने लाठी डंडा से लैस होकर कोटेदार की जमकर पिटाई कर दिया। जिससे कोटेदार को गंभीर चोटे आ गईं। हमलावरों ने जाते जाते दुकान में रखा 90 लीटर मिट्टी का तेलजमीन पर गिरा दिया। हमलावरों पर कैस बॉक्स से 4500 रुपया लूट ले जाने का आरोप भी कोटेदार द्वारा लगाया गया है। कोटेदार ने दोनों युवकों के विरुद्ध नामजद तहरीर पुलिस को दिया है। जनपद मुख्यालय के भीटी निवासी मनोज कुमार पुत्र श्री प्रकाश गुप्ता की कोपागंज नगर पंचायत के चन्दन पूरा मोहल्ले में डी सी एफ के नाम से कोटे की दुकान है।शनिवार को कोटेदार अपनी दुकान से मिटटी का तेल बांट रहा था कि मोहल्ले के दो सगे भाई आये और तेल लेने के बाद साथ में नमक न लेने की बात कहते हुए कोटेदार का विरोध करते हुए तकरार करने लगे। उस समय तो कुछ लोगों के बीच बचाव से मामला शांत हो गया। लेकिन कुछ देर बाद दोनों युवक लाठी डंडा से लैस होकर आए और कोटेदार की जमकर पिटाई कर दिए। पिटाई से कोटेदार को सिर व गर्दन में गंभीर चोटें आ गयीं। इस वावत सीओ अनिल कुमार का कहना है कि सिर्फ मारपीट हुयी है , रुपये लूटने के आरोप सही नहीं हैं।