मुहम्मदाबाद गोहना । आजमगढ़ और मऊ जिले के औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मुहम्मदाबाद गोहना बाजार सहित विभिन्न चट्टी चौराहों पर संचालित मेडिकल दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कस्बा के सीएचसी के सामने स्थित संचालित एक मेडिकल हाल बिना लाइसेंस के संचालित मिला, टीम मेडिकल स्टोर से लाखों रुपये मूल्य की दवाइयों को जब्त कर लिया। दवाओं का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। टीम ने दुकान संचालक के विरूद्घ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दिया।
जिले में अवैध तरीके से बिना लाइसेंस के दवा की दुकानों के संचालित होने की शिकायत काफी समय से चल रही थी, अवैध मेडिकल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर मंगलवार को औषधि निरीक्षक मऊ शिव कुमार नायक औषधि निरीक्षक बलिया और औषधि निरीक्षक आजमगढ़ मंडल आजमगढ़ की टीम ने मोहम्मदाबाद गोहना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। इस दौरान दुकान में रखे विभिन्न कंपनियों की लाखों रूपए की अंग्रेजी दवाओं को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। सभी दवाओं की लिस्ट तैयार कर मेडिकल स्टोर संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दिया। जानकारी मिलते ही मुहम्मदाबाद गोहना कसबे समेत आसपास के चट्टी चौराहों पर खुले हुए मेडिकल स्टोर धड़ाधड़ बंद हो गए। टीम ने सभी दवाओं को सीज कर गुणवत्ता की जांच के लिए अपने साथ ले गए । औषधि निरीक्षक ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक की ओर से लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया गया था। इस बाबत ड्रग इंस्पेक्टर ने सभी दवाओं अपने कब्जे में लेकर इसकी रिपोर्ट अपने उच्च अधिकारियों को भेज दिया है।