वलीदपुर। रानीपुर थाने के खुरहट चौकी इंचार्ज जितेंद्र वर्मा दल-बल के साथ मंगलवार की दोपहर मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सद्धोपुर गांव जा धमके। पुलिस टीम वहां पहुंचते ही लाउस्पीकर से तीन आरोपियों का नाम लेते हुए डुगडुगी पिटवायी। गांव वालों को बताया कि तीनों आरोपी शातिर हैं और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे हैं। पुलिस ने गांव के कुछ लोगों के सामने तीनों आरोपियों के दरवाजे पर अदालत से मिली कुर्की की नोटिस को चस्पा किया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि तीनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित जगहों पर दबिश भी दी जा रही है। यदि वे पकड़ में न आये या फिर अदालत में समर्पण नहीं किए तो एक माह बाद कुर्की की अनुमति के लिए आवेदन किया जाएगा। पुलिस टीम सबसे पहले सद्धोपुर गांव में ब्रह्मानंद सिंह उर्फ टुनटुन सिंह पुत्र रामप्यारे सिंह के घर पहुंची। यहां डुगडुगी बजते ही आसपास के लोग कान लगाकर पुलिस की उद्घोषणा सुनने लगे। यहां नोटिस चस्पा करने के बाद पुलिस सुधीर सिंह पुत्र रमेश सिंह के दरवाजे पर जा धमकी। अंत में अरुण राय पुत्र अशोक राय के घर धारा 82 की नोटिस चस्पा की गई। पुलिस ने गांव वालों को बताया कि रानीपुर थाना क्षेत्र के याकूबपुर गांव निवासी राघवेंद्र सिंह पुत्र स्व. उदयभान सिंह को 2017 में दुर्जेपुर मोड़ पर गोली मारी गई थी। इसमें चार लोग आरोपी बनाए गए। इनमें रोशन तिवारी पुत्र महानंद तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। ये तीनों आरोपी तभी से फरार चल रहे हैं।