मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के सारहू चौकी के सामने रोडवेज पर गुरुवार की दोपहर पीआरडी के जवान द्वारा डंडे से बस पर ठोके जाने से नाराज अनुबंधित बस का चालक विरोध जताने के लिए सीट से नीचे उतरा। इस दौरान कहासुनी होने पर पीआडी के जवानों ने उसे डंडे से जमकर पीटा। घायल चालक कोसदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चालक संजय 45 पुत्र रामाशंकर बलिया जिले के पकड़ी थाने के पिपरा गांव का निवासी है। वह बलिया डिपो में अनुबंधित बस का चालक है। गुरुवार को बस मऊ से बलिया जाने के लिए रोडवेज पर खड़ी थी। बताया जाता है बस का कुछ हिस्सा सड़क पर था, इस दौरान जाम न लगे, इसके लिए वहां रोडवेज की तरफ से तैनात पीआरडी के जवानों ने बस को ठोकर चालक से बस को हटाने के लिए बोला। पीआरडी के जवान द्वारा बस पर डंडे से प्रहार किया जाना चालक को नागवार लगा। इस दौरान चालक उनसे विवाद कर लिया। बात बढ़ने पर चालक मारपीट करने के लिए नीचे उतरा। इस दौरान पीआरडी के जवानों ने चालक पर डंडे से हमला कर उसे लहुलूहान कर दिया। सिर पर डंडा लगने से चालक अचेत होकर जमीन पर गिरा। सूचना पर सारहू चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को सदर अस्पताल भेजवाया। पुलिस का कहना है कि एआरएम की गाड़ी निकल रही थी, रास्ते में चालक बस को खड़ा किया था। पीआरडी के जवानों के द्वारा बस पर डंडा पीटकर गाड़ी हटाने के लिए कहने पर चालक मारपीट करने के लिए बस से नीचे राड लेकर उतरा, साथ ही जवानों पर राड चला दिया। इसी को लेकर मारपीट हुई। घटना में पीआरडी जवान विनोद कुमार और परशुराम यादव भी घायल हुए हैं। परशुराम सरायलखंसी थाने के गोहटा गांव का तथा विनोद मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के हलीमाबाद गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार किसी ने कोई तहरीर नहीं दिया है।