दोहरीघाट (मऊ)। थाना क्षेत्र के दोहरीघाट कस्बे सम्मिलत मोहल्ले में मंगलवार की दोपहर एक युवक को डूडा जेई ने ग्रामीणों की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले किया। युवक डूडा का फर्जी जेई बनकर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी से रिश्वत के रूप में आठ हजार की राशि लेने गया था। जहां शिकायत पर पहले से मौजूद डूडा जेई ने फर्जी जेई को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस को सुपर्द कर दिया। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सम्म्लित मोहल्ला निवासी राजन सोनकर पुत्र अर्जुन से पिछले कई दिनों से एक युवक खुद को डूडा का जेई उपेंद्र यादव बताकर फोन कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत एक लाख 50 हजार राशि दिलाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत मांग कर रहा था। मंगलवार को लाभार्थी ने उसे 8 हजार रुपए देने के लिए बुलाया। साथ ही लाभार्थी ने इसकी शिकायत डूडा विभाग के अधिकारियों को दी। जहां डूडा के जेई उपेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे और फर्जी बने जेई को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज नहीं किया है।