कोपागंज। थाने के पीछे मौजूद साहू धर्मशाला और राधा कृष्ण मंदिर पर स्वामित्व को लेकर रविवार की रात एक बार फिर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने धर्मशाला के साथ मंदिर पर कब्जा कर ताला बंद कर दिया। जानकारी होने पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ थाने जा पहुंची। भीड़ का तेवर देख पुलिस ने मंदिर और धर्मशाला में बंद ताला तोड़कर पुन: कब्जा दिलाया। हालांकि भीड़ थाने पर जमा रही।
कोपागंज थाने के उत्तर तरफ साहू धर्मशाला और राधा कृष्ण मंदिर है। इनके स्वामित्व का विवाद काफी समय से लंबित है। साहू समाज का दावा है कि धर्मशाला और मंदिर उनका है। लेकिन बाजार निवासी अमित पांडेय मंदिर और धर्मशाला पर अपना दावा कर रहे। रविवार को धर्मशाला में कुछ कार्यक्रम आयोजित था। आरोप है कि इसी दौरान अमित अपनी बहन को लेकर वहां पहुंचा और मंदिर के अंदर एक संदूक रखा और दरवाजे में ताला बंदकर चला गया। जानकारी लोगों को हुई तो सैकड़ों की संख्या में भीड़ थाने पहुंची। भीड़ का आरोप था कि मंदिर पर सदियों से उन लोगों का स्वामित्व है। बाजार निवासी अमित पांडेय अनावश्यक रुप से विवाद बढ़ा रहे है। भीड़ का तेवर देख पुलिस मंदिर पर पहुंची और बंद ताले को तोड़ कर यथा स्थिति कायम की। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव और सीओ नगर आलोक जायसवाल मयफोर्स मौके पर पहुंचे। एएसपी ने बताया कि अमित ने पूछताछ करने पर ताला बंद करने से इंकार किया है। ऐसे में ताला तोड़कर पूर्व की स्थिति बहाल की गई। जबकि अमित को थाने पर बुलाया गया है।