रतनपुरा(मऊ)। ब्लाक के भुड़सुरी गांव में कोटेदार के चयन के लिए शुक्रवार की शाम आयोजित खुली बैठक में दो पक्षों के लोग पुलिस की मौजूदगी में दो बार भिड़ गए। इसमें दो महिला सहित पांच लोग घायल हुए। मारपीट होने के कारण बैठक बेनतीजा रही। पुलिस ने 11 लोगों का शांतिभंग की धारा में पाबंद किया। इस दौरान प्रधान के विरुद्घ कार्रवाई करने की मांग करते हुए शनिवार की सुबह भारी संख्या में गांव की महिलाएं ब्लाक मुख्यालय पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने धरना प्रदर्शन भी किया। बाद में बीडीओ के आश्वासन देने पर महिलाएं वापस हुई।
भुड़सुरी ग्राम पंचायत के कोटे की दुकान अनियमितता के चलते निरस्त कर दी गई थी। कोटे की दुकान के लिए एसडीएम के निर्देश पर शुक्रवार को एडीओ पंचायत श्रीकांत मिश्रा, दूसरे गांवों के सेक्रेटरी आदित्य सिंह और सुनील रावत के साथ पुलिस की उपस्थिति में गांव सभा की खुली बैठक हुई। बैठक में दो दावेदार सामने आए। इन दोनो नामों पर विचार से पहले ही कुछ लोग विवाद करते हुए हाथापाई करने लगे। आरोप लगा कि बैठक में कुछ लोग शराब का सेवन करके आए थे। लोगों के समझाने बुझाने पर फिर बैठक की कार्रवाई प्रारंभ हुई। बलिराम यादव और रामदेवन के नामों में से एक पर सहमति न बनने पर वोटिंग कराई गई। बलिराम यादव के पक्ष में 413 लोगों ने अपनी आईडी के साथ सहमति दी, जबकि रामदेव के पक्ष में 386 लोग आए। वोटिंग के परिणाम जानते ही एक पक्ष के लोग शोर शराबा करने लगे। इसी बीच धक्का मुक्की से लेकर पुन: मारपीट होने लगी। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस के जवान मूकदर्शक बने रहे। मामला बिगड़ता देख एडीओ और सेक्रेटरी तथा पुलिसकर्मी वहां से खिसक गए। मारपीट में पिंटू राम, अजय राज, पार्वती सुनीता और उपेंद्र को चोटे आई। बैठक अनिर्णीत रहने से नाराज काफी संख्या में महिलाएं शनिवार को ब्लाक मुख्यालय जा धमकीं और कोटेदार का चयन न होने का दोष ग्राम प्रधान पर लगाने लगी। उधर पुलिस ने बैठक में मारपीट करने वाले 11 लोगों को चिह्नित करके पाबंद किया है। ब्लाक मुख्यालय पहुंचने वालों में लक्ष्मीना, राजकुमारी शांति ,सरिता, इंद्रासनी, चिंता सुनीता, अच्छेलाल कैलाश, चंदिंका ,प्रेम कुमार और राम जतन आदि रहे।
बैठक में बावल की रिपोर्ट मुझे मिली है। इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी जाएगी। जिलाधिकारी के दिशा निर्देश पर अगली बैठक भारी संख्या में पुलिस की मौजूदगी में कराई जाएगी। फैसल आलम, बीडीओ रतनपुरा