नदवासराय। घोसी कोतवाली अंतर्गत ग्राम सरायसादी चट्टी पर बुधवार की रात सर्राफा की दूकान का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात व 15 हजार रुपये समेत आलमारी चोर उठा ले गए। दूकानदार ने कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया है। कोतवाली घोसी के ग्राम भिखारीपुर निवासी धीरज वर्मा पुत्र दयानंद वर्मा प्रतिदिन की भांति बुधवार की शाम को लगभग सात बजे अपनी दूकान बंद करके घर चला गया। उसी रात चोर आए और उसकी दूकान के शटर का ताला तोड़कर उसमें रखे आभूषण, आलमारी व उसमें रखे पंद्रह हजार रुपये नगदी ले गए। सुबह खाली आलमारी दूकान से 500 मीटर दूर मिली। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर दूकानदार ने अपनी दूकान का ताला टूटा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी व स्थानीय कोतवाली जाकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुक़दमा दर्ज कराया। व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष उमाशंकर ओमर मौके पर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव को चोरी की घटना से अवगत कराया व चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने 72 घंटे के अंदर चोरों को पकड़ने व चोरी का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया।