दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोंठा निवासी एक युवक की रविवार को हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीएम रिपोर्ट में मृतक के गले के पास चोट का निशान पाया गया है।
16 जून को गोंठा निवासी पिकअप चालक अजय विश्वकर्मा 28 पुत्र सुरेश विश्वकर्मा गांव के ही चन्द्र भान गुप्ता की पिकअप लेकर पिडसुई गांव में भूसी लादने गया था। वहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट आने पर पता चला कि अजय के गले में चोट के निशान पाए गए। उसकी वजह से उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने पाँच लोगों के खिलाफ अपने बेटे के हत्या करने की तहरीर दी है। आरोप है कि रविवार को सुबह उसका लड़का अजय गाड़ी लेकर गया था दोपहर करीब दो लोग उसे मृत अवस्था में उसके घर छोड़कर चले गये थे। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ नंदलाल ने बताया कि मृतक के पिता सुरेश विश्वकर्मा की तहरीर पर अशोक पुत्र रामजीत व अरूण पुत्र लछन समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी अरूण को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हर बिन्दु पर जांच कर रही है।