शहर कोतवाली क्षेत्र के राजस्थान भवन के पास एक मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर सोमवार की रात चोर 35 हजार रुपये नकदी सहित 70 हजार रुपये कीमत का सामान ले गए। मंगलवार की सुबह दुकान खोलने पर दुकानदार को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर में पारसमणि सिंह ने बताया कि उसकी राजस्थान भवन के पास आराध्या मोबाइल की दुकान है। मंगलवार की सुबह जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो दुकान का शटर टूटा मिला। दुकानदार ने बताया कि चोर दुकान के कैश बाक्स में रखा 35 हजार नकदी सहित करीब 70 हजार रुपये कीमत के चार मोबाइल सेट ले गए।