चिरैयाकोट (मऊ)। थाना क्षेत्र के बड़हलगंज नहर पुलिया के पास बदमाशों ने युवक को तमंचे से आतंकित कर बाइक और मोबाइल और नगदी लूट ले गए। पीड़ित के सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल का जांच करने के बाद अज्ञात बदमाशों के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज की। सुबह हुई लूट की इस घटना की सूचना से पुलिस हलाकान नजर आई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद बदमाशों का पता लगाने में जुट गई। पीड़ित युवक आशीष दुबे पुत्र विजय बहादुर दुबे आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के गतवा गांव का निवासी है। आशीष का ननिहाल चिरैयाकोट थाने के चंद्रोगी पहाड़पुर गांव में है, वह किसी काम से नाना के घर गया था। गुरुवार को युवक नाना के घर से वापस अपने घर जा रहा था। धूप से बचने के लिए युवक सुबह सबेरे अपनी बाइक से घर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान जैसे ही उसकी बाइक चिरैयाकोट थाने के बड़हलगंज बाजार स्थित नहर पुलिया पर पहुंची, वहां पहले से मौजूद दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया। इस दौरान बदमाशों ने उसकी बाइक के साथ उसके पास मौजूद मोबाइल, रुपया आदि लूट लिया। पीड़ित के अनुसार वह शोर मचाने का प्रयास किया, इस दौरान बदमाशों ने उसे असलहे सटा कर गोली मारने की धमकी दिया। इसके चलते आशीष सहम गया, पीड़ित ने घटना की सूचना गुजरने वाले राहगीर को दिया। इस दौरान उक्त राहगीर ने उसे फोन करने के लिए अपनी मोबाइल उसे सौंपा। युवक ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को घटना की सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित आशीष दुबे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुट गई है।