मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिला मुख्यालय पर सब रजिस्ट्रार ऑफिस जाने वाली सड़क के किनारे रखी गई स्टैंप वेंडर की गुमटी के ताले तोड़ कर नौ अक्तूबर की रात में लगभग दो लाख रुपयों के उपकरण चोर चुरा ले गए। स्टैंप वेंडर राम प्रकाश पुत्र शिवनाथ सरायलखंसी थाना क्षेत्र के कंधेरी गांव का निवासी है। 10 अक्तूबर की सुबह उसे चोरी की जानकारी हुई। उसने पुलिस को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने उसका मुुकदमा दर्ज न करके उसे यह कहकर टाल दिया कि अपने स्तर से पता करो कि किसने चोरी की है। थाने का चक्कर लगाकर राम प्रकाश थक चुका है। उसने एसपी से गुहार लगाई है कि उसकी गुमटी से हुई चोरी का मुुकदमा लिखा जाए और चोरी गये सामान बरामद किए जाएं। इस बाबत सीओ सिटी राजकुमार का कहना है कि चोरी हुई है तो मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच करेगी।