बिजली विभाग की ओर से शहर के भीतरी इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में 45 लोग बिना कनेक्शन के ही बिजली का उपयोग करते पाए गए।
अधीक्षण अभियंता एसके सरोज के दिशा-निर्देशन पर शहर के अवर अभियंता सुशील कुमार ने टीम के साथ चौक के आस पास के कई मुहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया। पुराना पावर हाउस स्थित विद्युत उपकेंद्र से संबंधित फीडर नंबर तीन के जूनियर इंजीनियर अपनी टीम के साथ घास बाजार में चेकिंग अभियान के अंतर्गत लोगों के कनेक्शन चेक किया। बिजली विभाग के जांच दल को देख कर आस पास के लोगों में अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। कई लोग अपनी दुकानें बंद करके लोग इधर उधर खिसकते नजर आए। फीडर नंबर तीन के जेई ने शाही कटरा मुहल्ला, क्यारी टोला, पूरा भीखन आदि मुहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान में विद्युत बिल बकाया, फर्जी कनेक्शन तथा कटिया कनेक्शन की चेकिंग की गई। जेई सुशील कुमार ने बताया कि चेकिंग अभियान में 45 लोगों के कनेक्शन फर्जी पाए गए। जांच दल ने इनकी बिजली काट दिया और उनके विरुद्ध कार्यवाही के लिए रिपोर्ट तैयार कराया। जब तक बिजली विभाग की टीम क्षेत्र में चेकिंग करती रही लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि इस तरह का अभियान आगे भी चलता रहेगा। उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने बकाया बिलों का भुगतान करके सरचार्ज माफी योजना का लाभ उठाएं इसके साथ ही अपने कनेक्शन को वैध करा लें अथवा विद्युत भार बढ़वा लें।