मऊ। जिला महिला अस्पताल में शुक्रवार की रात में टोंटी चुराने वाले एक चोर को अस्पताल के कर्मचारियों ने पकड़ लिया। कर्मचारियों ने उसे कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। चोर ने अस्पताल में लगाई गई 20 टोंटियां खोल लिया था। जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके गुप्त रात में भ्रमण करते हुए चौथी मंजिल पर गए। इनके आने की आहट पाकर टोंटी खोल रहा चोर शौचालय में छिप गया। बाहर से कुंडी न लगी देख सीएमएस बाहर से शौचालय के दरवाजेे की कुंडी लगा कर चले गए। उन्हें इस बात का अहसास नहीं हो पाया कि अंदर कोई चोर है। बाहर से कुंडी लग जाने से लाचार चोर सारी रात शौचालय में बैठा रहा। शनिवार की सुबह दस बजे जब कोई कर्मचारी उस शौचालय में जाने के लिए दरवाजा खोला तो उसमें से निकलकर चोर तेजी से भागने लगा। कर्मचारियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। उसने 20 टोटियां खोल लिया था। बता दें कि 13 अक्टूबर की रात में भी इस अस्पताल से पांच टोंटियां चुरा ली गई थीं। नवनिर्मित भवन में स्टील की काफी महंगी टोटियां लगाई गई हैं।