घोसी। कोतवाली के मोहम्मदपुर हसनपुर निवासी अमरनाथ यादव को गोली मारने के मामले में पुलिस ने घायल के भाई ओमप्रकाश यादव की तहरीर पर गांव निवासी सुनील यादव सहित दो अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज किया है। घायल के भाई ने आरोप लगाया कि नामजद सुनील ने फोन करके अमरनाथ को धुरईपार चट्टी पर बुलाया था। घटना को अंजाम देने के बाद जुटी भीड़ को देख एक बदमाश अपनी बाइक मौके पर छोड़ दिया। पुलिस बाइक को कब्जे में लेकर आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। लेकिन अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची सकी। ना ही किसी की गिरफ्तारी कर सकी है। दूसरी तरफ सदर से वाराणसी के लिए रेफर हुए घायल अमरनाथ के सिर से डाक्टरों ने आपरेशन कर गोली निकाल दी। दर्ज मुकदमे के अनुसार मोहम्मदपुर हसनपुर निवासी अमरनाथ यादव (40 )पुत्र रामनारायण को शुक्रवार की शाम को गांव के ही सुनील यादव पुत्र नरायन यादव ने शाम लगभग 7.30 बजे मोबाइल से फोन कर कुछ बात करने के लिये धुरई पार चट्टी पर बुलाया था। इस पर अमर नाथ यादव अपने छोटेभाई ओमप्रकाश के साथ बाइक से धुरई पार चट्टी पर पहुंचा। वहां सुनील यादव दो अन्य लोगों के साथ पहले से ही खड़ा था। अमरनाथ जब मोटरसाइकिल से उतर कर सुनील यादव के पास पहुंच कर पूछा कि किस लिए बुलाए हो। इस पर आरोपी सुनील यादव ने अपने पास खड़े दोनों युवकों से कहा कि यही अमरनाथ है। इतना सुनते ही दोनों अज्ञात युवकों में से एक ने असलहे से अमरनाथ के सिर में गोली मार दिया। सरेशाम घटना के बाद तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर बैठकर भागने लगे। लोगों के शोर मचाने पर तीनों हड़बड़ाहट में मोटर साइकिल से गिर पड़े और असलहे से फायर करते हुये भाग निकले। कोतवाली के उपनिरीक्षक आरएस नागर ने घटना की सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंच कर घटना के बाबत चट्टी पर मौजूद लोगों से जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की मोटर साइकिल कब्जे में लेकर कोतवाली आई। व्यस्त धुरई पार चट्टी पर शाम को हुई गोली मारने की घटना से लोग भयभीत हैं। इस बाबत सीओ अनिल कुमार का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है जल्दी ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।