सरायलखंसी थाने की पुलिस ने गुरुवार की सुबह आरटीआई कार्यकर्ता बाल गोविंद सिंह की हत्या में शामिल डी नाइन गिरोह के शूटर को बकवल गांव स्थित हरिजन बस्ती से दबोचा। गिरफ्तार आरोपी अभिमन्यु उर्फ सोनू मूलरुप से आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजगरा गांव निवासी विश्राम सिंह का पुत्र है। पुलिस के अनुसार आरोपी डी नाइन गैंग का सक्रिय सदस्य है। वह मऊ में किराए का मकान लेकर रहता है। आरोप ह कि अभिमन्यु की रोल था शूटरों में से एक की बाइक चलाना है।
मालूम हो कि 16 जनवरी की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने आरटीआई कार्यकर्ता बाल गोविंद सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक की पत्नी शीला सिंह ने गांव के प्रधान पति शैलेंद्र यादव तथा उसके भाई गुड्डू यादव और अपराधी लालू यादव को नामजद, तथा बाइक सवार छह अज्ञात बदमाशों को आरोपित करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गिरफ्तारी के लिए सामाजिक संगठन के साथ-साथ मृतक के परिजन लगातर धरना प्रदर्शन कर पुलिस पर दबाव बना रहे थे।
दूसरी तरफ मामले का खुलासा करने में जुटी पुलिस डी नाइन गिरोह का इतिहास खंगालते हुए गिरोह के सदस्य अभिमन्यु उर्फ सोनू यादव तक पहुंची। उसकी गिरफ्तारी से हत्या में शामिल अन्य शूटरों के नाम का खुलासा हुआ। पुलिस की मानें तो अभिमन्यु डी नाइन गिरोह का सक्रिय सदस्य है। वह पूर्व में डी नाइन गिरोह के मुखिया स्व. धर्मेंद्र सिंह के लिए काम करता था। गिरफ्तार आरोपी घटना से एक दिन पूर्व और बाद कुछ नंबरों पर लगातार बात करता रहा। जो इस गैंग के सदस्य है। अभिमन्यु लूट, हत्या और फिरौती जैसे कई संगीन मामलों को अंजाम दे चुका है। वह पेशेवर अपराधी है और कई बार जेल जा चुका है।