पहसा। हलधरपुर क्षेत्र के नसीराबाद कलां गांव में सोमवार की दोपहर करीब दो बजे अपने भाई के साथ ससुराल पहुंची विधवा महिला से उसके ससुराल के लोगों ने मारपीट कर दी। विरोध करने पर महिला के भाई के साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर अपने ससुराल पक्ष के लोगों के विरूद्ध तहरीर दिया। हलधरपुर क्षेत्र के पकड़ौवा गांव निवासी सविता (25) पत्नी स्व. राजेंद्र ने तहरीर में आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व उसके पति की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद वह अपने मायके में रह रही थी। सोमवार को अपने भाई शेषनाथ 22 के साथ अपने ससुराल नसीराबाद कलां आई। ससुराल पहुंचने पर ससुराल के लोगों ने उससे मारपीट कर दी। इस दौरान शेषनाथ ने अपनी बहन को पीटते देख जब विरोध किया तो ससुराल के लोगों ने उससे भी मारपीट कर दी।