थाना क्षेत्र के धर्मदासपुर गेट के पास रविवार की शाम एक बाइक सवार को चार अज्ञात लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायल बाइक सवार ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी। पुलिस को सौंपे तहरीर के अनुसार सरायलखंसी क्षेत्र के कहिनौर गांव निवासी रमेश यादव (45) पुत्र सुखराम यादव रविवार की शाम अपने दो पुत्रों के साथ बाइक से चिरैयाकोट आया था। जहां वापस गांव जाते समय धर्मदासपुर गेट के पास बाइक सड़क पार कर रहे एक युवक से टकरा गई। जिससे नाराज युवक ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उससे मारपीट कर घायल कर दिया। आस पास के लोगों ने बीचबचाव कर बाइक सवार को युवकों से बचाया। घटना के संबंध में पीड़ित बाइक सवार ने थाने में चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर तहरीर दिया।