घोसी। कोतवाली पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर धोखे से दूसरी शादी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। दर्ज मुकदमे में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कोलौरा कमालपुर गांव निवासी अनिता राजभर पत्नी रामप्रवेश राजभर ने बताया कि उसकी शादी 2012 में कोतवाली क्षेत्र के पिउवाताल निवासी रामप्रवेश से हुई थी । विवाह के कुछ माह बाद से ही उसका पति और उसकी सास गुलइची, ससुर देवनाथ राजभर, जेठ रामकेर राजभर, जेठानी शारदा देवी उसे दहेज को लेकर दवाब बनाने लगेे। जहां उसके पति और उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। जहां अनिता मायके में रहने के साथ न्याय के लिए कोर्ट में चली गई, जहां मामला विचाराधीन है। इसी बीच उसके पति रामप्रवेश राजभर ने 20 जून को किसी दूसरी महिला से शादी कर ली। जब इसकी जानकारी उसे हुई तो उसने जानकारी लेने पर उसके पति और उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। जहां शुक्रवार को विवाहिता ने कोतवाली पहुंचकर अपने पति रामप्रवेश समेत पांच को आरोपित करते हुए तहरीर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।