वलीदपुर(मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर जमालपुर में रहने वाले दो किशोर दोस्त 20 अक्तूबर की शाम घर से बाहर घूमने निकले लेकिन फिर लौट कर घर नहीं आए। तीन दिन बाद भी उनका पता नहीं चला। चिंतित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। आदर्श नगर जमालपुर निवासी तनिष्क आनंद उर्फ हनी (12 ) पुत्र भास्कर आनंद और ओबैदुल्ला (9 ) पुत्र नफीस उल रहमान 20 अक्तूबर की शाम मोहल्ले में घूमने जाने की बात कहकर अपने-अपने घरों से निकले थे। देर रात तक जब दोनों बच्चे अपने घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। दोनों के परिवार वालों ने मोहल्ले के साथ तहसील बाजार, उनके दोस्तों, रिश्तेदारों से संपर्क किया। लेकिन दोनों का पता नहीं चला। दोनों के परिजनों भास्कर आनंद और नफीस उल रहमान ने सोमवार को कोतवाली में पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरों की तलाश शुरू कर दी है।