मऊ। भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने ग्राम सभा छिछोरे करौदी में आवास आवंटन में व्याप्त भ्रष्टाचार, मनरेगा मजदूरों की बकाया मजदूरी सहित विभिन्न मांगाें को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर मेें धरना प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित छह सूत्री मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। इस मौके पर भाकपा-माले के जिला सचिव बसंत कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र आज भी बुनियादी विकास की योजनाओं से वंचित है। रतनपुरा ब्लॉक के ग्राम सभा छिछोरे करौदी में गरीब राजभर बस्ती के घरों को छोड़कर नाली और खड़ंजे का निर्माण मनमानी ढंग से कराया जा रहा है। जब गांव की महिलाओं ने इसका विरोध किया तो महिलाओं और ग्रामीणों को ग्राम प्रधान की तरफ से धमकी दी जा रही है। शिकायत के बाद भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकी है। मनरेगा मजदूर काम करने के बाद अपने मजदूरी के लिए परेशान हैं। मई 2023 में किए हुए कामों का अभी तक भुगतान नहीं किया गया है जिसको लेकर मनरेगा मजदूर आए दिन ब्लॉकों और बैंकों का चक्कर काटते रहते हैं। प्रदर्शन में वीरेंद्र कुमार, शिव मूरत, कल्पनाथ, महेंद्र, रामबली, रामबदन, फेंकू राजभर, धनौती देवी, रुगदी, मीना आदि उपस्थित रहे।