नगर स्थित उपकृषि मंडी स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी अरूण कुमार और एसपी सुशील घु?
- फोटो : MAU
मऊ। विधानसभा चुनाव की मतगणना 10 मार्च की सुबह आठ बजे से प्रारंभ होगी। जिला प्रशासन की तरफ से मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई है। 224 कार्मिक बनाए गए 56 काउंटरों पर वोटों की गिनती करेंगे। प्रत्येक विधानसभा के लिए ईवीएम के मतों की गणना के लिए 14-14 काउंटर बनाए गए हैं। बलिया मोड़ स्थित कृषि मंडी स्थल परिसर में बने स्ट्रांग रूम में ईवीएम और वीवीपैट मशीन कड़ी सुरक्षा में रखी गई हैं। जिलाधिकारी अरुण कुमार और पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने मंगलवार को मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। विधानसभा वार बनाए गए मतगणना हालों के निरीक्षण के दौरान मतगणना कर्मियों के बैठने एवं मतगणना कर्मियों के अलावा पोलिंग एजेंटों के अंदर एवं बाहर आने-जाने के रास्ते की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही मतगणना स्थल पर बैरिकेडिंग एवं उन पर लगाई गई जालियों की व्यवस्था का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी भानु प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, समस्त रिटर्निंग ऑफिसर एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।