मऊ। कोरोना वायरस के खौफ के बीच मऊ जिले के लिए हर रिपोर्ट राहत लेकर आ रही है। जिले से भेजे गए सैंपल में दो की रिपोर्ट रविवार की रात तथा सोमवार की सुबह 25 की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने 25 और संदिग्ध मरीजों का सैंपल जांच के लिए भेजा है। विभाग अब तक 160 लोगों का सैंपल भेज चुका है, इसमें 110 की रिपोर्ट निगेटिव रही है। ऐसे में जिला प्रशासन ने भी आ रही निगेटिव रिपोर्ट पर राहत की सांस ली है। जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि जिले के अलग-अलग क्वारंटीन सेंटर तथा बाहर से आए 25 लोगों का सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेजा गया। वहीं दो दिन पहले भेजे गए 27 सैंपलों में दो की रिपोर्ट रविवार की देर शाम तो 25 की रिपोर्ट सोमवार की सुबह आई, जिनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। जिससे यह साफ हो गया वर्तमान समय में जिला कोरोना वायरस के प्रकोप की जद में नहीं है। जिन लोगों की रिपोर्ट आई है इसमें से अधिकांश लोग जिले के चारों क्वारंटीन सेंटर में रह रहे लोग हैं। कुछ ऐसे लोगों की ऐसी रिपोर्ट भी है जिसे पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से ट्रैकिंग कर उनका सैंपल जांच के लिए भेजा था। अब तक भेजे गए सेंपल के आंकड़ों पर एक नजर डाले, तो बीते 17 मार्च को एक नमूना, 19 मार्च को 01, एक अप्रैल को 15 नमूने, दो अप्रैल को नौ, चार अप्रैल को चार नमूने, पांच अप्रैल को पांच नमूने, छह अप्रैल को नौ नमूने, सात अप्रैल को छह नमूने तथा आठ अप्रैल को दस नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए है। वहीं सोमवार को भी 25 सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह के अनुसार अब तक जिले कुल 160 सैंपल भेजे जा चुके हैं, जिसमें अब तक 110 की रिपोर्ट आ चुकी है।