मऊ। जांच को भेजे गए सैंपल की जांच रिपोर्ट आने पर रविवार को जिले में दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया। इससे अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 15 हो गई है। हालांकि इसमें से एक मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुका है। पॉजिटिव मरीजों की हिस्ट्री खंघालने पर पता चला कि इसमें से एक मरीज हरियाणा से आया जबकि दूसरा मरीज मुंबई से आया है। मुंबई से आए मरीज की नाबालिग पुत्री पहले से संक्रमित है, उसे उपचार के लिए परदहां ब्लॉक मुख्यालय स्थित एल-1 अस्पताल में रखा गया है। रविवार को मिले दोनों मरीजों की पुष्टि डीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी व सीएमओ डॉ. सतीश चंद्र सिंह ने की है। रविवार को पॉजीटिव मिले मरीजों में एक फतेहपुर मंडाव के मर्यादपुर गांव का तथा दूसरा रानीपुर ब्लाक के पलिया गांव का निवासी है। फतेहपुर मंडाव ब्लाक के मर्यादपुर गांव निवासी संक्रमित व्यक्ति की बेटी पहले से पॉजिटिव मिलने पर एल-1 हॉस्पिटल परदहां में उपचार के लिए भर्ती कराई गई है। 17 मई को किशोरी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रशासन ने उसके परिवार के नौ सदस्यों को आइसोलेट किया था। जिसमें उसके पिता की रिपोर्ट रविवार को आई है। जबकि इसकी सैंपलिंग उसकी बेटी के साथ की गई थी। बीमार की ट्रेवल हिस्ट्री रही कि किशोरी अपने पिता के साथ बीते 13 मई को ट्रक से घर पहुंची थी। ट्रक में उसके संग 32 लोग सवार थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका रेंडम सैंपलिंग किया था। इस दौरान बीते 17 मई को आई रिपोर्ट में किशोरी पॉजीटिव मिली थी। जबकि पिता की रिपोर्ट आज आई है। वहीं दूसरा कोरोना पॉजीटिव रानीपुर ब्लाक के पलिया गांव में पाया गया है। युवक हरियाणा से चलकर 13 मई को जबकि उसका पिता अपने भांजे के साथ 18 मई को मुंबई से ट्रक से लौटे थे। लेकिन रास्ते में युवक के पिता की मौत हो गई थी। इस बात की जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम आनन फानन में भागकर रानीपुर के पलिया गांव पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम मृत अधेड़ व उसके परिवार के सदस्यों तथा भांजे की टीम ने सैंपलिंग की किया। रविवार को आई रिपोर्ट में मृतक के बेटा भी कोरोना पॉजीटिव मिला जबकि मृतक व अन्य की रिपोर्ट आना बाकी है। रविवार को कोरोना पॉजीटिव दो मरीजों के मिलने से जिले में अब यह संख्या 15 पहुंच गई है।