नगर के राजारामपुरा मोहल्ले में कोरोना जाँच के लिए सैम्पलिंग करते स्वास्थकर्मी।
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ थमता नजर नहीं आ रहा हैं, बीते 24 घंटे में बीएचयू से 35 पॉजीटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें नगर के एक बैंक के चार कर्मी, एक कंटेनमेंट क्षेत्र में सात, और एक परिवार के चार सदस्यों सहित 35 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इनमें 32 मरीज नगर क्षेत्र के हैं, जबकि तीन मधुबन, कोपागंज, मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के हैं। जिले में इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या 118 तक पहुंच गई। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह और शाम मिलाकर कुल 35 कोरोना पॉजीटिव मरीज मिले। सुबह आई रिपोर्ट में तीन मरीज हॉट स्पॉट क्षेत्र राजारामपुरा मुहल्ले से, एक ब्रम्हस्थान मुहल्ले से, चार मरीज बकवल तथा एक मरीज प्यारेपुरा मुहल्ले का निवासी है। इसके अलावा तीन मरीजों में एक कोपागंज थाने के जयसिंहपुर गांव का दूसरा फतेहपुर मंडाव गांव के लहुआ साथ बरियावन गांव का तथा तीसरा मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के कुतुबपुर गांव का निवासी है। वहीं, शाम को आई 23 रिपोर्ट में सभी पॉजिटिव शहर क्षेत्र के रहने वाले है। इसमें सहादतपुरा मुहल्ला स्थित बैंक ऑफ इंडिया के चार कर्मचारी पॉजीटिव मिले हैं। नगर के ब्राह्मण टोला, मठियाटोला मुहल्ला से सात मरीज मिले है। इसमें एक परिवार के पांच लोग शामिल है। वहीं नगर के गालिबपुर मुहल्ले से एक, बलिया मोड़ से दो, कंटेनमेंट जोन कासिमपुर पोखरी से एक, सहादतपुरा मुहल्ले से दो तथा रेलवे आईसोलेशन कोच में रखे गए पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव है। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया सुबह आई 12 रिपोर्टो में नगर क्षेत्र के बकवल निवासी उपनिरीक्षक के परिवार के चार लोग संक्रमित मिले है। उपनिरीक्षक तो फतेहपुर सिकरी में तैनात है। जबकि संक्रमित उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक पुत्र घर पर बकवल रहते है। इसके अलावा जिले में इसके साथ कुल मरीजों की संख्या का ग्राफ 218 तक पहुंच गया। इसमें 118 एक्टिव मरीज है। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि सभी मरीजों को बापू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के साथ उनके संपर्क में रहने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।