रानीपुर ब्लाक के चितबिसांव गाँव में युवक की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद गाँव के मुख्य मार्?
- फोटो : MAU
मऊ/रानीपुर। रानीपुर ब्लॉक के चितबिसाव गांव में बृहस्पतिवार को एक युवक कोरोना संक्रमित मिला। वह नौ मई को पत्नी तथा दो बच्चों के साथ मुंबई से आया था। गांव को हॉटस्पाट घोषित कर 21 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया। इसके साथ ही जनपद में मरीजों की संख्या दो हो गई। हालांकि पहला मरीज स्वस्थ हो चुका है। संक्रमित व्यक्ति (45) मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट में माली का काम करता था। नौ मई को वह पत्नी और दो बच्चों के साथ मुंबई से गांव आया था। वह मुंबई से ट्रक से जौनपुर तक आया फिर वहां से ऑटो रिजर्व कर घर पहुंचा था। जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची थी और उसकी पत्नी तथा बच्चों को होम क्वारंटीन की सलाह देकर उस व्यक्ति का सैंपल जांच के लिए भेजा था। नौ मई को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजे गए सैंपल की जांच रिपोर्ट बृहस्पतिवार को मिली। इसमें वह व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला। जानकारी होने पर सीएचसी प्रभारी रानीपुर दिनेश सिंह पहुंचे और संक्रमित को एंबुलेंस से आजमगढ़ मेडिकल कालेज भेजा। इसके साथ ही परिवार के 16 तथा पड़ोस के पांच लोगों को आंबेडकर महाविद्यालय में क्वारंटीन कर दिया गया। डीएम और एसपी के आदेश पर गांव को सील कर दिया गया। जिले में कोपागंज के दोस्तपुरा मुहल्ले के बाद दूसरा हॉट स्पॉट रानीपुर ब्लाक का चितबिसाव गांव बन गया। जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी के साथ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, एसडीएम मुहम्मदाबाद गोहना सीएल सोनकर, और अन्य प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे और जानकारी ली। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि रानीपुर ब्लॉक के चितबिसाव गांव में मुंबई से आया एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है।