दुबारी नई बस्ती से लीलहवा जाने वाला मार्ग पर मौजूद गिट्टी ।संवाद
दुबारी। मधुबन तहसील क्षेत्र के दुबारी नई बस्ती से लीलहवा-नकीहवा जाने वाला मार्ग बदहाल पड़ा है। बाढ़ के चलते सड़क की हालत और भी खराब हो गई है। वहीं, करीब एक साल से सड़क की मरम्मत के लिए गिराई गई गिट्टी और कंक्रीट अब राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनकर रह गया है। सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री से आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। क्षेत्र के दुबारी नई बस्ती से लीलहवा-नकीहवा जाने वाला मार्ग निर्माण न होने से लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बिखरी गिट्टी और कंक्रीट के कारण कभी भी हादसा हो सकता है। इस संबंध में क्षेत्र के राहुल यादव, जितेंद्र यादव, मोनू यादव, चंद्रकेश चौहान, रामप्रताप यादव और महातम यादव का कहना है कि संबंधित विभाग के आला अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। निर्माण खंड एक्सईएन राकेश कुमार ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही से मजदूर काम छोड़कर चले गए थे। वहीं बारिश के समय वहां बाड़ का पानी आने से काम नहीं हो पाया। जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। विभाग की तरफ से जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो वे जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस बाबत लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता शरद यादव ने बताया कि मजदूर काम छोड़कर चले गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। नए मजदूर मिलने पर सड़क का काम कराया जाएगा।