घोसी। उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. संतोष सिंह ने कहा कि कांग्रेस देश को धोखा देने वालों के साथ खड़ी है। सपा, कांग्रेस गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज कोई पीडीए तो कोई मुस्लिम लीग के साथ खड़ा नजर आ रहा है। इससे सामाजिक संरचना बिगड़ रही है। कांग्रेस का अस्तित्व खत्म हो रहा है। देश एकता एवं अस्मिता भाजपा में ही संभव है। इसलिए मैंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा सबका साथ सबका विकास की अवधारणा पर कार्य करती है। जबकि अन्य पार्टियां जाति, क्षेत्र एवं धर्म की राजनीति करती है। यूपी युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व सांसद डॉ. संतोष सिंह भाजपा की सदस्यता लेने के बाद बृहस्पतिवार की देर शाम पहली बार घोसी पहुंचे। भाजपा की प्रदेश मंत्री शकुंतला चौहान के नेतृत्व में घोसी के मझवारा मोड़ स्थित बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने बाद प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधिचंद चौहान, लालचंद चौहान, आनंद चौधरी, डॉ. ब्रजेश यादव आदि उपस्थित रहे।