घोसी। क्षेत्र के पकड़ी खुर्द निवासी सेना के जवान राकेश दुबे की पूना से कार द्वारा गांव आते समय नासिक के पास सड़क हादसे में मौत हो जाने की खबर पकडीखुर्द में मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही गांव से जवान की माता परिजनों के साथ पूना रवाना हो गई। पकडीखुर्द गांव निवासी राकेश दुबे (38) पुत्र स्व. जेपी दुबे सेना में नायक के पद पर जम्मू कश्मीर में तैनात थे। इनकी पत्नी आशा देवी अपने दो बच्चों सचिन व कृष्णा के साथ पूना में रहती है। घर पर मानस पाठ का कार्यक्रम तय होने पर राकेश दुबे पत्नी, पुत्रों के साथ अपनी कार से पकड़ीखुर्द आ रहे थे। शनिवार को जब इनकी कार नासिक के पास पहुंचते ही दुर्घटना हो गई। जिसमें राकेश दुबे की मौत हो गई जबकि पत्नी और बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलते ही गांव पर रहीं मां मीना देवी के साथ परिजनों का रोते रोते बुरा हाल हो गया। जवान के पिता जेपी दुबे का पुलिस में नौकरी करते समय जौनपुर में आकस्मिक देहांत हो गया था। जवान के भाई जय दुबे यूपी पुलिस में सिपाही थे। उनकी भी मौत झांसी में तैनाती के दौरान सड़क दुर्घटना में हो गई थी।