मऊ। जिले के ब्लाक मुख्यालयों पर चल रही मतगणना के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मतगणना केंद्रों पर कक्षों के प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मी तैनात थे। वे सिर्फ प्रत्याशी और उसके एजेंट को जाने दे रहे थे। एजेंटों के प्रवेश करने को लेकर पुलिस से उनकी कई बार झड़पें भी हो गईं। पुलिस अधीक्षक घुले सुशील और एएसपी टीएन त्रिपाठी मतगणना केंद्रों का जायजा लिया। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित थानाध्यक्षों को दी गई थी। मतगणना केद्रों पर हर कक्षों के द्वारा पर पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। इसका परिणाम रहा कि मतगणना कक्षों के अंदर शांतिपूर्वक मतगणना चलती रही। दोहरीघाट मतगणना केंद्र पर प्रत्याशियों के एजेंटों ने कक्षों में प्रवेश करना शुरू किया तो पुलिस ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। इसे लेकर एजेंटों ने विरोध किया। उनका कहना था कि हम लोगों को मतगणना स्थल पर रहने के लिए पास जारी किया गया है। यदि हमें अंदर नहीं जाने दिया गया तो हम बाहर रहकर कौन सी गडबड़ी देख पाएंगे। काफी हुज्जत के बाद उन्हें अंदर जाने दिया गया। मतगणना स्थलों पर तैनात पुलिस कर्मियों ने भी नाश्ता भोजन न मिलने की शिकायत किया। पुलिस अधीक्षक ने सभी गणना केंद्रों का दौराकर मताहतों को दिशा निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि मतगणना के दौरान यदि कोई शरारती तत्व अशांति फैलाने का प्रयास करे ,उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि विजई प्रत्याशियों के जुलूस पर प्रतिबंध है। किसी प्रकार की भीड़ लगाकर कोविड गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।