मऊ। शीतलहर का कहर लगातार पांचवें दिन सोमवार को भी जारी रहा। सर्द हवा लोगों को परेशान किए रही। इसके चलते लोग देर तक घरों में ही दुबके रहे। सुबह लगभग 11 बजे हल्की धूप निकली तो लोगों को राहत मिली। लेकिन सर्द हवा चलने से लोग ठिठुरते रहे। कई ट्रेेनोंं के विलंब से चलने की वजह से प्लेटफार्म पर लोग कांपते नजर आए। कई दिनों से पड़ रही भीषण ठंड के बाद भी जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में प्रशासन की ओर से अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की जा सकी है।
जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी रहने से आम लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। सुबह के समय सर्द हवा चलने से अपने काम पर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करने वाले यात्रियोंं को एक-एक पल बिताना भारी पड़ रहा था। विलंब से चल रही ट्रेनों पर नजर डाला जाए तो इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे, गोरखपुर एक्सप्रेस चार घंटे, काशी एक्सप्रेस छह घंटे, गोदान एक्सप्रेस दो घंटे देर से चल रही थी। सुबह लगभग 11 बजे हल्की धूप निकली तो लोगों को राहत तो मिली। दिन भर लोग गर्म कपड़ों में पैक रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्र्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। तापमान पर नजर डाला जाए तो अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 71 प्रतिशत रही। जबकि छह किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। ठंड के खौफ से पटरी दुकानदार शाम को ही अपने घरों को रवाना हो जा रहे हैं। इसके बाद भी जिले के ग्रामीण इलाकों के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की जहमत तक नहीं उठाई जा सकी थी।