मऊ। जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में कोचिंग शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ दुराचार करने का मामला सामने आया है। पिता ने कोचिंग शिक्षक पर पांच वर्षीय बालिका के साथ दुराचार का आरोप लगाया है।
इस मामले में पीड़ित बालिका के पिता ने लिखित तहरीर देकर थानाध्यक्ष रानीपुर से न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष को लिखे पत्र में पीड़िता के पिता ने लिखा है कि गांव का ही एक व्यक्ति बच्चों को अपने घर ट्यूशन पढ़ाता है। उसकी बेटी भी उसके घर मंगलवार शाम को ट्यूशन पढ़ने गई हुई थी। शिक्षक ने उसकी बेटी को अकेला देखकर उसके साथ दुराचार किया। जब उसकी बेटी की तबीयत खराब होने लगी तो उसने ये बात अपनी मां को बताई। ये सब सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बालिका के पिता ने रानीपुर थानाध्यक्ष से इस मामले में न्याय की गुहार लगाई है। इस बावत रानीपुर थानाध्यक्ष कंचन मौर्या का कहना है कि मुझे तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच हो रही है।