मऊ। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जिले के 20 आश्रित परिवारों को सहायता राशि का वितरण सीएम योगी ने अंबेडकर नगर जनपद से किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। जिसको विधायक रामविलास चौहान, डीएम प्रवीण मिश्र द्वारा देखा गया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना किसान की मौत या पूर्ण शारीरिक अक्षमता पर 5 लाख रुपये, दोनों हाथ दोनों पर अथवा दोनों आंखों की क्षति पर 5 लाख रुपये, एक हाथ तथा एक पैर के क्षतिग्रस्त होने पर पांच लाख की सहायता दी जाती है। लाइव प्रसारण कार्यक्रम के बाद विधायक मधुबन रामविलास चौहान और जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जनपद के 20 लोगों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किया। विधायक ने कहा कि जिले के विभिन्न विधानसभाओं से लोगों को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत लाभ दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने इस तरह की घटना से पीड़ित परिवारों को केंद्र और राज्य सरकार से संचालित विभिन्न योजनाओं को पात्रता के हिसाब से लाभ देने को कहा।