घोसी। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को लखनऊ में जमीन दिलाने के नाम पर तीन करोड़ की ठगी किए जाने के मामले मेें छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे के अनुसार, बलिया जिले के चकिया उभांव निवासी मंजूरआलम से घोसी नगर के करीमुद्दीनपुर निवासी मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद महमूद, मसूद अहमद, खालिद एवं नदीम अहमद की अक्टूबर 2016 में मुलाकात हुई। इन लोगों ने लखनऊनिवासी बुरकान अहमद से मंजूर की मुलाकात कराई और जमीन दिलाने के नाम पर विभिन्न तिथियों में तीन करोड़ रुपये ले लिये। आरोपियों ने घोसी क्षेत्र एवं लखनऊ में जमीन भी दिखाई परंतु न तो घोसी में ही जमीन दी और न ही लखनऊ में। मंजूर ने जब रुपये वापस मांगक तो आरोपियों ने उसे गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। मंजूर आलम ने जमीन खरीदने के लिए अपने दोस्तों से भी इन आरोपियों को रुपये दिला दिए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।