स्थानीय थाना के कुसंडा निवासी एक व्यक्ति के साथ बिटकॉइन में रुपये दोगुना करने नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने छह माह में रुपये दोगुना करने की बात कही लेकिन साढ़े पांच साल बीतने के बाद भी पैसे न मिलने पर पीड़ित ने मऊ न्यायालय में शिकायत की थी। न्यायालय के आदेश पर मधुबन पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम तीन के खिलाफ संंबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे के अनुसार कुसंडा निवासी कमलेश कुशवाहा ने गांव निवासी भरत कुमार से बिटकॉइन में पैसे जमा कराने पर छह माह में दोगुना करने की बात कही थी। उसने अपने साथी मऊ शहर कोतवाली के ख्वाजाजहांपुर निवासी राजकुमार पुत्र रामनाथ और रेखचंद्र उर्फ रजत से भी बात कराई। बिटकॉइन में छह महीने में पैसे दोगुना करने शर्त पर तीनों ने मिलकर मई 2018 में दो लाख 68 हजार 700 रुपये जमा करा लिया। छह महीने बाद पैसे मांगने पर आनाकानी करने लगे। परेशान होकर भरत कुमार ने बीते नवंबर 2023 में मऊ न्यायालय में शिकायत की। न्यायालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों के खिलाफ जालसाजी व धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था।